कौशाम्बी: ससुर की हत्या में शामिल फरार चल रही बहु अरेस्ट,हत्यारा पोता पहले भेजा जा चुका है जेल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में ससुर की हत्या में शामिल और फरार चल रही बहू रुखमिन देवी को सैनी कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की देर रात अरेस्ट कर लिया है। इस मामले में मृतक के पोते नितिन को पहले ही अरेस्ट कर जेल भेजा जा चुका है।
घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमांवा में 7 मार्च को हुई थी।जहा 70 वर्षीय बाबूलाल सरोज की उनके पोते नितिन ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। बाबूलाल सरोज खेत में चरी काट रहे थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी गुलजारा देवी की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने पोते नितिन और बहू रुखमिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
गुलजारा देवी ने आरोप लगाया था कि उसका पोता नितिन जमीन बेचकर पैसे देने की मांग कर रहा था। इनकार करने पर उसने उनके पति की हत्या कर दी। गुलजारा देवी ने यह भी बताया कि नितिन पहले भी उन पर हमला कर चुका था और बहू रुखमिन देवी की भी इस मामले में अहम भूमिका थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर दो टीमें गठित की थीं। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि गठित टीम ने आरोपी नितिन को बुधवार को अरेस्ट कर लिया था। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की गई थी। नितिन को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया था।वही गुरुवार को नितिन की मां रुक्मिन देवी को भी अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया।








