विज्ञान क्लब ने छात्र छात्राओं को IIIT प्रयागराज का कराया भ्रमण,छात्र छात्राओं ने जानी विधान की बारीकियां

कौशाम्बी: विज्ञान क्लब ने छात्र छात्राओं को IIIT प्रयागराज का कराया भ्रमण,छात्र छात्राओं ने जानी विधान की बारीकियां,

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उ0प्र0 (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन)के दिशा निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब, कौशाम्बी द्वारा वैज्ञानिक शोध प्रयोगशालाओं के भ्रमण व अध्ययन कार्यक्रम के अन्तर्गत भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ट्रिपल आईटी प्रयागराज में विद्यार्थियों के भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

डायट मैदान मंझनपुर से जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर भ्रमण बस को रवाना किया ।भ्रमण मे जनपद के 12 विद्यालयों के 114 छात्र-छात्राओं एवं 15 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) में बच्चो को एडवांस भौतिकी प्रयोगशाला एवं रोबोटिक लैब का भ्रमण एवं अध्ययन कराया गया। भौतिकी विभाग के प्रोफेसर डॉ अखिलेश तिवारी एवं संस्थान के रिसर्च स्कॉलर्स द्वारा विद्यार्थियों को डाई इलेक्ट्रिक कांस्टेंट, कैपेसिटेंस, स्प्रिंग कांस्टेंट, बरनौली थ्योरम, प्रकाश के विवर्तन एवं व्यतिकरण, यंगस एक्सपेरिमेंट, डबल स्लिट, न्यूटन रिंग, प्रकाश का परावर्तन एवं अपवर्तन, लीनियर एयर ट्रैक, विस्कोसिटी, पीएन जंक्शन, वेव कॉन्सेप्ट, मैगनेटिक फ्लक्स, सेल्फ इंडक्शन, म्युचुअल इंडक्शन, के अतिरिक्त सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, लाइट आदि से संबंधित प्रयोगों को बहुत ही विस्तार से सरलता पूर्वक समझाया गया।

इसी क्रम में रोबोटिक से संबंधित प्रयोगशाला भ्रमण में लैब इंचार्ज डॉ सूर्य प्रकाश के नेतृत्व में रोबोट के कार्य करने के तरीके एवं उनकी बनावट को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि मानव के निर्देश पर ही रोबोट मनुष्य के तरीके से कार्य करता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रोफेसर डॉक्टर अखिलेश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच का विकसित होना बहुत ही आवश्यक है। भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, कार्य व्यवहार को बढ़ावा देना एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनको उचित अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रयोग बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान में नामांकन के लिए आपको कठिन परिश्रम के साथ अध्ययन करना होगा । उन्होंने कहा कि यह आवश्यक नहीं है कि साधन संपन्न परिवार के बच्चे ही जीवन में सफल होते हैं उन्होंने कई उदाहरण देते हुए समझाया कि आप जिस परिवेश से हैं वहां से भी आगे बढ़ने के बहुत अवसर हैं, इसके लिए आपको वैज्ञानिक तरीके व ईमानदारी नियमित कार्य करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का पूर्ण प्रयत्न करना चाहिए।

कार्यक्रम के उद्देश्य को बताते हुए समन्वयक जिला विज्ञान क्लब वसीम अहमद ने कहा कि विद्यार्थियों के दैनिक जीवन में वैज्ञानिक सोच, को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों के मस्तिष्क में उत्पन्न होने वाले कौतूहल, प्रश्नों एवं प्रयोगो का समाधान करने, वैज्ञानिक संस्थानों में कार्यरत वैज्ञानिकों व तकनीकी विदों के साथ विद्यार्थियों का संवाद स्थापित कराया जाना और उनके वैज्ञानिक कार्यकलापों के साथ-साथ तकनीक प्रौद्योगिकी के विकास के निर्माण आदि प्रक्रियाओं से बच्चों को परिचित कराने के उद्देश्य से वैज्ञानिक संस्थाओं का भ्रमण व अध्ययन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।प्रतिभागी सभी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ0 अखिलेश तिवारी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर रिसर्च स्कॉलर राज कुमार, शाहरुख, विपिन, मोहित, संदीप, निधि श्रेया एवं रोशनी ने बच्चों के प्रयोगशाला भ्रमण में सक्रिय सहयोग किया।शिक्षक मदन मोहन शुक्ला, बलवंत कुमार, राधे श्याम पाण्डेय, मोहम्मद हुसैन, आसमा सिद्दीकी, सत्य प्रकाश, प्रवीणा सिंह, जितेन्द्र चौरसिया, उमेश कुमार, देव प्रताप, शान्ती देवी, समीना जमील आदि उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor