कौशाम्बी: पुरानी रंजिश में घर पर चढ़कर मारपीट,पथराव,फायरिंग करने का भी आरोप,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में गुरुवार की देर रात पुरानी रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट व पथराव तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष ने जहां फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं पुलिस ने फायरिंग की बात को नकारते हुए इसे केवल आपसी मारपीट बताया है।
घटना मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के घना का पूरा गांव की है जहा के मोहम्मद तौफीक उर्फ रूबी पुत्र मोहम्मद शहीद ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि वह रात करीब 9 बजे अपने घर के बाहर टहल रहा था, तभी मोहम्मद हसन दो अन्य लोगों के साथ ई-रिक्शा से पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई।
तौफीक का आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद मोहम्मद हसन के परिवार के दर्जनों लोग लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों के साथ उसके घर पर चढ़ आए और जमकर पथराव किया। इस दौरान इरफान नामक व्यक्ति द्वारा अवैध असलहे से कई राउंड फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।
हालांकि कौशाम्बी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में स्पष्ट किया है कि यह मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश का है, जिसमें मारपीट हुई है। पुलिस के अनुसार फायरिंग की बात असत्य है।
वही मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








