कौशाम्बी: कड़ा धाम में मातृशक्तियों का वन विहार,संघ गतिविधियों के साथ किया दर्शन-पूजन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्र सेविका समिति प्रतापगढ़ विभाग द्वारा रविवार को कड़ा धाम स्थित नागा कुटी कालेश्वर घाट व आश्रम परिसर में वन विहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षित अजय कुमार साहू व जिला कार्यवाह दिलीप के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि नेतृत्व जिला कार्यवाहिका प्रिया त्रिपाठी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में सत्यवती साहू उपस्थित रहीं। प्रतापगढ़ से आई स्वयंसेविकाओं का स्वागत साहू व उनकी टीम ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ परंपरा के अनुसार ध्वज प्रणाम व शाखा लगाकर की गई। संचालक पद्धति के अंतर्गत खेल, गीत, कहानी, योगाभ्यास व बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गईं। छोटी सेविका शांभवी जी द्वारा प्रार्थना कराई गई, जिससे उपस्थित मातृशक्तियों में राष्ट्रभाव जागृत हुआ।
मुख्य वक्ता प्रिया त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है। प्राचीन काल से ही महिलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया है।
इसके उपरांत सभी ने माँ गंगा के दर्शन किए और कड़ा वासिनी माँ शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही महाकालेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन, भैरवनाथ मंदिर व संत मलूकदास आश्रम का भ्रमण कर धार्मिक परंपराओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान आगंतुक स्वयंसेविकाओं के लिए नाश्ता व भोजन की समुचित व्यवस्था अजय साहू स्वयंसेवक द्वारा की गई। आयोजन में संजय पांडे, पवन पाल, धनराज विश्वकर्मा, बिन्नू पांडे, अश्वनी साहू, बरसाती पंडा,सूर्यप्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर वैशाली, जान्हवी, शांभवी, उमा, ज्योति, सुनीला, शकुंतला, तनुप्रिया सहित बड़ी संख्या में मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।








