टैलेंट हंट परीक्षा में शामिल हुए सैकड़ों छात्र, बाबा साहब को श्रद्धांजलि स्वरूप हुआ आयोजन

कौशाम्बी: टैलेंट हंट परीक्षा में शामिल हुए सैकड़ों छात्र, बाबा साहब को श्रद्धांजलि स्वरूप हुआ आयोजन,

यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पंचायत करारी स्थित डॉक्टर अख्तर हसन रिजवी कॉलेज ऑफ फार्मेसी में तौहीदुल मुस्लेमीन ट्रस्ट (टीएमटी) द्वारा टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से करीब 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कक्षा 4 से 11 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराना रहा। परीक्षा को अनुभवी अध्यापकों की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।

ट्रस्ट के सचिव नजमुल हसन रिजवी ने बताया कि संस्था के संस्थापक, पद्मभूषण से सम्मानित मरहूम डॉ. कल्बे सादिक हमेशा शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों की प्रतिभा को आगे लाने पर जोर देते रहे हैं। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष 14 अप्रैल को यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।

ट्रस्ट के आर्थिक सलाहकार सैयद ऐनुल रजा ने बताया कि इस पहल के माध्यम से प्रतिभाशाली छात्रों को आगे की शिक्षा के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। प्रतियोगिता में सफल छात्रों को भविष्य में विशेष सहयोग प्रदान करने की योजना है।

इस अवसर पर मोहम्मद अकील, शकील अब्बास, नजफी, सेंटर इंचार्ज सैयद मोहम्मद महदी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक व अभिभावक मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor