तीन विभागों का साझा संकल्प,अब कोई बच्चा नहीं रहेगा घर,निपुण भारत मिशन को मिला नया बल, शिक्षा-स्वास्थ्य-बाल विकास की संयुक्त रणनीति

कौशाम्बी: तीन विभागों का साझा संकल्प,अब कोई बच्चा नहीं रहेगा घर,निपुण भारत मिशन को मिला नया बल, शिक्षा-स्वास्थ्य-बाल विकास की संयुक्त रणनीति,

यूपी के कौशाम्बी जिले में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना निपुण भारत मिशन को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए कड़ा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग में गुरुवार को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में तीनों विभागों के अधिकारियों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा के अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सऊद ने कहा कि इस अभियान की सफलता विभागों के आपसी समन्वय पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि आशा बहुएं पहले से ही घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे करती हैं, जिससे बच्चों की पहचान करना आसान होगा। यदि सभी विभाग मिलकर कार्य करें तो कोई भी बच्चा छूटने नहीं पाएगा।

ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध आंकड़ों और संसाधनों का समन्वित उपयोग इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए प्रत्येक बच्चे तक पहुंच बनाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

संगोष्ठी का संचालन करते हुए शिक्षक अजय कुमार साहू ने कहा कि यह अभियान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने बताया कि तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों का नामांकन आंगनवाड़ी केंद्रों में, पांच से छह वर्ष के बच्चों का बाल वाटिका में तथा छह से 14 वर्ष तक के बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि घर-घर सर्वे कर ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जाएगी, जो अब तक स्कूल से दूर हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं और शिक्षक मिलकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही नियमित समीक्षा कर अभियान की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा के चीफ फार्मासिस्ट शिव सिंह चंदेल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप सिंह, सुपरवाइजर नीलम देवी, प्रियंका मिश्रा, प्रतिभा मौर्य, संगिनी सुमन देवी, स्नेह लता, सुनील देवी सहित विद्यालय स्टाफ और संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि इस बार कोई भी बच्चा घर पर नहीं बैठेगा और हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor