कौशाम्बी: एडीएम (न्यायिक) ने ग्राम-गम्भीरा पूरब में भूमि विवाद की 08 शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण,
यूपी के कौशाम्बी एडीएम (न्यायिक) ओम प्रकाश एवं एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने “टॉप 10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम-गम्भीरा पूरब में कैम्प आयोजित कर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आदि शिकायतों का ग्राम स्तर पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया।
एडीएम (न्यायिक) ओम प्रकाश एवं एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम की गाटा संख्या-774, जो खतौनी में तालाब की भूमि दर्ज है, पर हुए अवैध कब्जे को मौके पर हटवाया। इसके साथ ही शिकायतकर्ता भैंरो प्रसाद एवं वीरेन्द्र द्वारा जल निकासी की समस्या की शिकायत पर तत्काल मौका मुआयना कर समस्या का निस्तारण कराया गया।एसडीएम ने आमजन को जमीनी विवाद से बचने एवं कोर्ट से जमीन विवाद निपटाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
एडीएम (न्यायिक) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।








