भारत यादव हत्याकांड में बढ़ा तनाव,परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार,पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव

कौशाम्बी: भारत यादव हत्याकांड में बढ़ा तनाव,परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार,पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव,

यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र में भारत यादव हत्याकांड को लेकर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक भारत यादव का शव घर पहुंचा, तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है।

मामला करारी थाना क्षेत्र के अडहरा गांव का हैं, जहां भारत यादव की हत्या के बाद गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजन भड़क गए और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि बीती रात झूठी शान के चलते भारत यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अशोक पांडेय, आकाश और अंकित पर हत्या का आरोप है।

परिजनों के अनुसार, करीब 8 साल पहले भारत यादव ने आरोपी पक्ष की बहन से प्रेम विवाह किया था। तभी से आरोपी पक्ष इस रिश्ते से नाराज था और इसी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया गया, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया है।

फिलहाल पुलिस हालात को काबू में करने की कोशिश में जुटी है और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor