कौशाम्बी: पार्टी कार्यकर्ताओं को तराशने की एक सतत प्रक्रिया है प्रशिक्षण-प्रभा शंकर पाण्डेय,
यूपी के कौशाम्बी जिले में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में कार्यसमिति सत्यापन व प्रशिक्षण महाभियान की जिला कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा नवाबगंज के पूर्व विधायक व जिला प्रवासी प्रभा शंकर पाण्डेय,जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने संबोधित किया जिसका संचालन पूर्व जिला महामंत्री ब्रम्ह प्रसाद त्रिपाठी ने किया।
प्रयागराज नवाबगंज के पूर्व विधायक प्रभा शंकर पाण्डेय ने जिला कार्यशाला को संबोधित हुए कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता,अनुशासन और कार्य कुशलता को नई दिशा देगा।प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होता है। यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति,सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियान से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा।इस व्यापक प्रशिक्षण से संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं,बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है।पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित,सामाजिक समरसता और सेवा भाव की दिशा में और अधिक सजग बनाता है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जब विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा,तभी भाजपा की शक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी।
जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त,अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति,सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है। यह अभियान केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सुदृढ़ करने का महायज्ञ है।भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है और प्रशिक्षण से उसकी क्षमता,दक्षता और वैचारिक स्पष्टता में वृद्धि होती है।यह महाअभियान संगठन की मजबूती,विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी,नगर पालिका अध्यक्ष मंझनपुर बीरेंद्र सरोज फौजी,निवर्तमान विधायक मंझनपुर लाल बहादुर,कॉपरेटिव अध्यक्ष शिव मोहन मौर्य,डीसीएफ चेयरमैन चंद्र दत्त शुक्ल,जिला महामंत्री ज्योति केसरवानी,जगदीश सरोज,राकेश पाण्डेय सहित सभी जिला पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि,मण्डल अध्यक्ष,मण्डल प्रभारी,मोर्चा जिलाध्यक्ष उपस्थित रहें।








