कौशाम्बी: विवाहिता दो बच्चों संग लापता,अनहोनी की आशंका पर मायके वालों ने एसपी से की शिकायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक विवाहिता अपने दो बच्चों के साथ 29 अप्रैल से लापता हो गई है। विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट कर बेटी व बच्चों को घर से भगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को एसपी सत्यनारायण प्रजापत से इसकी लिखित शिकायत की है।एसपी ने जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरसवा गांव का है जहा की शिवकन्या देवी पत्नी राकेश कुमार ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मंजू देवी की शादी 16 फरवरी 2020 को लोधना निवासी लवकुश पुत्र गद्दी पाल से की थी। शादी में उन्होंने अपनी क्षमतानुसार दान-दहेज और एक स्प्लेंडर गाड़ी दी थी। मंजू देवी के दो बच्चे भी हैं।
शिवकन्या देवी के अनुसार, शादी के लगभग एक महीने बाद से ही दामाद लवकुश, देवर विमलेश और लवलेश, सास रामसवारी और ससुर गद्दी पाल दहेज को लेकर मंजू देवी को प्रताड़ित करने लगे थे। वे गाली-गलौज करते, मारपीट करते और जान से मारने की धमकी भी देते थे।
ससुराल पक्ष मंजू देवी से मायके से 2 लाख रुपये और एक अपाचे गाड़ी लाने की मांग करता था। वे कहते थे कि यदि यह मांग पूरी नहीं हुई तो मंजू और उसके बच्चों को चैन से जीने नहीं देंगे और तीनों को मारकर फेंक देंगे।
29 अप्रैल को मंजू देवी और उनके दोनों बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। मायके वालों को पता चला कि ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज न मिलने के कारण मंजू और बच्चों को मारपीट कर घर से भगा दिया है। चार दिनों तक सभी संभावित जगहों पर तलाश करने के बाद भी जब वे नहीं मिले, तो अनहोनी की आशंका पर पीड़ित परिवार ने एसपी से शिकायत की।
एसपी ने तत्काल मंझनपुर थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।







