कौशाम्बी: आर्य पब्लिक स्कूल में मदर्स डे का भव्य आयोजन,सम्मानित की गई बच्चो की माएं,
यूपी के कौशाम्बी जिले के आर्य पब्लिक स्कूल मंझनपुर में मदर्स डे का कार्यक्रम उत्साह और आनन्द के साथ मनाया गया।इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में आई सभी माताओं का छात्र-छात्राओं द्वारा तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिवादन किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों व माताओं के लिए रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में नर्सरी-सी की छात्रा ओजस की मां प्रमिला सिंह को ‘बेस्ट स्पीकर’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
‘बच्चों की आवाज पहचानो’ प्रतियोगिता में यूकेजी के छात्र कियांश की मां श्रीमती नैन्शी केशरवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एलकेजी के छात्र ईवान की मां रंजना द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, म्यूजिकल चेयर खेल में एलकेजी के छात्र स्वास्तिक केशरी की मां चांदनी केशरी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस दौरान माताओं ने बच्चों के साथ कई भावपूर्ण पल बिताए और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय के मैनेजर ऋषि कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि एक मां एक बच्चे की जीवन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है वह बच्चों के जीवन की वह धुरी है जो बच्चों को सफलता की ऊंचाई तक ले जाती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अभिषेक सिंह यादव ने सभी माताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “मां बच्चों के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण साथी, प्रथम गुरु व प्रथम मित्र होती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में मां की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एक मां बच्चे के जीवन के शुरुआती 21 वर्ष तपस्या करके उसे अच्छी शिक्षा दे तो वह बच्चा एक दिन देश का राष्ट्रपति भी बन सकता है ।”
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। बच्चों ने अपनी माताओं को गुलाब का फूल व स्वनिर्मित कार्ड भेंट कर मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा वातावरण भावुक व उल्लासमय हो गया।








