HPV टीकाकरण अभियान से बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच

कौशाम्बी: HPV टीकाकरण अभियान से बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच,

यूपी के कौशाम्बी जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु शासन द्वारा HPV (Human Papilloma Virus) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। HPV संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर टीकाकरण इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, गुणवत्तापरक एवं चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप है। वैज्ञानिक अध्ययनों एवं वैश्विक आंकड़ों के अनुसार विश्व के 100 से अधिक देशों में इस टीके का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है तथा इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विशेषज्ञों द्वारा यह प्रमाणित किया गया है कि टीके से किसी प्रकार की कमजोरी अथवा गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होते हैं।

बाजार में इस टीके की कीमत अत्यधिक है, किंतु भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक बेटी को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क कराया जा रहा है। यह जनपद की बालिकाओं के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण अवसर है।

जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (PHC) पर सोमवार से शनिवार तक प्रातः 10 बजे से अपराह्न 03 बजे तक विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। टीकाकरण हेतु बालिका का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा आयु प्रमाणित करने वाला दस्तावेज एवं संबंधित मोबाइल फोन (OTP हेतु) साथ लाना आवश्यक होगा।

डीएम डॉ. अमित पाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पात्र बालिकाओं का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांतियों एवं अफवाहों पर ध्यान न दें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, जिससे जनपद का यह अभियान पूर्ण सफलता प्राप्त कर सके और जनपद की बेटियां स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त बन सकें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor