कौशाम्बी: मृत बंदर का हिंदू रीति रिवाज एवं श्रद्धा के साथ हुआ अंतिम संस्कार, नम हुईं ग्रामीणों की आंखें,
यूपी के कौशाम्बी जिले में भकंदा ग्राम सभा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पीछे नीम के पेड़ पर एक बंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार यह बंदर लंबे समय से गांव में रह रहा था और लोगों के बीच काफी घुल-मिल गया था।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान अवधेश सिंह को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और बंदर के शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पूरे विधि-विधान और रीति-रिवाज के साथ उसके अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।
गांव में बंदर की अंतिम यात्रा बाजे-गाजे और जयकारों के साथ निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर बंदर के शव पर फूल-माला अर्पित की और श्रद्धापूर्वक आशीर्वाद लिया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और कई ग्रामीणों की आंखें नम दिखाई दीं।
ग्रामीणों ने बताया कि बंदर को बजरंगबली का स्वरूप मानते हुए पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव में इस अनोखी और भावुक अंतिम यात्रा को देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए।
इसी दौरान राष्ट्रीय सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष देव रस्तोगी, समाजसेवी बबूल यादव एवं उनकी टीम भी मौके पर पहुंची। सभी ने मृत बंदर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।








