कौशाम्बी: अघोषित विद्युत कटौती से लोगों को निजात दिलाए जाने की सकिपा ने विद्युत विभाग से की मांग,आपूर्ति में सुधार न हुआ तो सड़क पर होगा प्रदर्शन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी ने जिले भर में जारी विद्युत कटौती की समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों से जनहित में समुचित कार्यवाही करने और तत्काल सुचारू ढंग से विद्युत आपूर्ति किए जाने की मांग की है। अन्यथा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की बात कही है।
रविवार को समर्थ किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सोनी अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ सिराथू ब्लॉक के तमाम गांवो जैसे उदहिन बुजुर्ग, उदहिन खुर्द , मोंगरी कड़ा, बलीपुर, महंदापुर आदि का भ्रमण किया और लोगों से वार्ता की। वार्ता के क्रम में लोगों ने बताया कि इस समय विद्युत विभाग द्वारा पूरे जिले भर में भयंकर विद्युत कटौती की जा रही है जिससे भीषण गर्मी में किसानों, व्यापारियों समेत आम जनता बेहद परेशान हैं और लोग दिन रात विद्युत कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। साथ ही अघोषित विद्युत कटौती से पेयजल समेत कई अन्य समस्याए भी उत्पन्न हो गई हैं।
जिस पर अजय सोनी ने कहा कि विद्युत कटौती से लोग त्राहि त्राहि कर रहे हैं और रतजगा के शिकार हो रहे हैं जिससे लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे छोटे बच्चों, बुजुर्गों, बीमार लोगों को हो रही जबकि गर्मी चरम पर है। इसी के साथ अजय सोनी ने कहा है कि जल्द ही जिले भर में जारी अघोषित विद्युत कटौती बंद न हुई और रोस्टर से नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित न हुई तो समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से तत्काल विद्युत कटौती बंद करने एवं रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने की मांग की है।
इस अवसर पर रमेश सिंह, उदयभान सिंह, नन्हे लाल पांडेय, छोटे लाल शर्मा, लोकनाथ मास्टर, सद्दाम अहमद, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।








