कौशाम्बी: डीएम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर दीवरकोतारी का किया आकस्मिक निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर दीवरकोतारी का आकस्मिक निरीक्षण किया।डीएम ने निरीक्षण के दौरान सी.एच.ओ. अरजेश पांडेय से केंद्र पर संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, ई-संजीवनी सेवा, एन.सी.डी. (गैर संचारी रोग) कार्यक्रम एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने ई-संजीवनी पोर्टल का अवलोकन किया, जिसमें अप्रैल,2026 से अब तक कुल 73 मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवाएं प्रदान किया जाना पाया गया।उन्होंने ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक मरीजों को ई-संजीवनी सेवा से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।








