पंजाब से आए बालू माफिया पर यमुना की मुख्य जलधारा को रोककर रास्ता बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग,DM से की शिकायत

कौशाम्बी: पंजाब से आए बालू माफिया पर यमुना की मुख्य जलधारा को रोककर रास्ता बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग,DM से की शिकायत,

यूपी के कौशाम्बी जिले में पंजाब से आए बालू माफिया पर यमुना की मुख्य जलधारा को रोककर रास्ता बनाने का आरोप लगा है,ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम से शिकायत की है।

मामला मंझनपुर तहसील क्षेत्र के महेवाघाट थाना क्षेत्र के दलेलागंज और जमुनापुर गांव का है जहा के दर्जनों ग्रामीणों ने डीएम डॉ अमित पाल को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि बालू खनन पट्टाधारक द्वारा नदी की मुख्य धारा को बांधकर उसके ऊपर रास्ता बना लिया गया है, जिससे जल प्रवाह बाधित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पशुओं के लिए पानी का संकट पैदा हो गया है और जलीय जीव-जंतुओं के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी कई बार जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री कार्यालय, खनन विभाग और अन्य अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि दलेलागंज और जमुनापुर के बीच यमुना की मुख्य धारा को रोकने से रामनगर समेत आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाला जल प्रवाह पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तत्काल रास्ते को कटवाकर जलधारा का प्रवाह बहाल नहीं किया गया तो वे नदी के बीच बनाए गए रास्ते पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की है कि जलधारा को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यमुना नदी के प्राकृतिक प्रवाह को जल्द से जल्द बहाल कराया जाए।

फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। यमुना की मुख्य धारा को रोकने के आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor