कौशाम्बी: नवविवाहिता का फांसी के फंदे से लटका मिला शव,मायके पक्ष के परिजनों ने लगाया हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप,
यूपी के कौशाम्बी जिले में एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। नवविवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला है। मृतका की शादी दो साल पहले ही हुई थी,मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मामला पिपरी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव का है,जहां बीती रात एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों मे शव कच्चे मकान की धन्नी में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका के भाई अरविंद ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि उसने दो साल पहले अपनी बहन बबली की शादी सूरज पुत्र फूलचंद्र के साथ धूमधाम से की थी, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लंबे समय से दहेज की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।







