लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को ABVP कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

कौशाम्बी: लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को ABVP कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि,

यूपी के कौशाम्बी जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर में लखनऊ में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया।

इस अवसर पर जिला संयोजक सुशील कुमार सोनकर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेश भर में यह मांग कर रही है कि नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों की व्यापक जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले संचालकों के साथ-साथ बिना उचित निरीक्षण एवं सुरक्षा मानकों की पुष्टि किए लाइसेंस जारी करने वाले अधिकारियों पर भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिले में बेसमेंट में संचालित कोचिंग संस्थान, अस्पताल एवं दुकानें आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। अनेक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उस पर तत्काल नियंत्रण पाना अत्यंत कठिन हो सकता है। इसलिए प्रशासन को ऐसे संस्थानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए तथा छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रांत सह मंत्री शिव बाबू चौधरी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित के मुद्दों पर मुखरता से कार्य करती है। परिषद केवल समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उनके समाधान के लिए भी निरंतर प्रयास करती है।

कार्यक्रम में प्रांत सह मंत्री शिव बाबू चौधरी, मंझनपुर तहसील संयोजक वंश केसरवानी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गौरव मिश्रा, मंझनपुर नगर अध्यक्ष हर्ष कुमार, नगर उपाध्यक्ष धीरेंद्र गुप्ता, चिकित्सक दीपक कश्यप, नगर मंत्री अभिराज सिंह, दीपक राजपूत, पश्चिम शरीरा नगर मंत्री आदित्य सिंह, टेवा नगर मंत्री अनिल साहू, चायल तहसील संयोजक प्रशांत मणि पांडेय, सिराथू तहसील संयोजक आनंद सिंह पटेल, पवन भट्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor