कौशाम्बी: कोखराज थाना पुलिस ने बिहार में दो गौ तस्करों को किया अरेस्ट,एक मृत सहित पांच गोवंश बरामद,
यूपी के कौशाम्बी जिले की कोखराज थाना पुलिस ने गुरूवार की शाम को गोतस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन में लदे पांच गोवंश बरामद किए, जिनमें से एक मृत पाया गया।
जानकारी के अनुसार 17 जून को वाहन चेकिंग के दौरान कोखराज पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगा ब्रिज पर टोल प्लाजा के आगे एक पंचर पिकअप वाहन खड़ा है। यह वाहन प्लास्टिक की पन्नी से ढका हुआ था और उसमें गोवंश लदे होने की आशंका थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पन्नी हटाई तो देखा कि पिकअप में पांच गोवंश क्रूरतापूर्वक बांधे गए थे, जिनमें से एक मृत अवस्था में था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई शाहआलम की तहरीर पर कोखराज थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जीवित चार गोवंश (बैल) को पल्हाना गौशाला भेजा गया, जबकि मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार दफनाया गया। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर सीज कर दिया गया।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। गठित टीम ने 25 जून की रात को इस मामले में शामिल दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। आरोपियों की पहचान शमशेर शमशाद पुत्र इमरान कुरैसी उर्फ गुलगुल्ला कुरैसी, निवासी पठान टोली मोहल्ला, वार्ड नंबर 2, थाना चैनपुर, कैमूर, बिहार, और धीरज पाल पुत्र रामलाल पाल, निवासी ऐलई पटना, थाना चांद, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई है
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से चोरी-छिपे गोवंश को अलग-अलग जिलों और प्रदेशों में काटकर बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 17 जून को वे मानधाता सोरांव के पास से पांच बैलों को एक ही पिकअप में लादकर कानपुर में काटने के लिए बेचने जा रहे थे। गंगा पुल के आगे उनकी गाड़ी पंचर हो गई और सुबह होने पर पुलिस के पकड़े जाने के डर से वे वाहन छोड़कर भाग गए थे।
पुलिस ने लिखापढ़ी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय पेश किया जहा से उन्हे जेल भेज दिया गया।








