कौशाम्बी: खेत बचाओ अभियान के तहत इनपुट डीलर्स को दिया गया प्रशिक्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में कृषि विभाग द्वारा संचालित “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को किसान कल्याण भवन, मंझनपुर में इनपुट डीलर्स मीट एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए उर्वरक, बीज एवं कृषि आदान विक्रेताओं को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
उप कृषि निदेशक सतेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने डीलर्स से किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा उर्वरकों के संतुलित प्रयोग पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन से उत्पादन बढ़ने के साथ लागत भी कम होती है।
जिला कृषि अधिकारी शिव शंकर चौधरी ने विभागीय योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी देते हुए किसानों तक सही तकनीकी जानकारी पहुंचाने में डीलर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं अपर जिला कृषि अधिकारी ने कृषि आदानों की गुणवत्ता, भंडारण एवं वितरण संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अनुज कुमार, इफ्को प्रबंधक ने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं संतुलित पोषण प्रबंधन के लाभों पर प्रकाश डाला। अंकित कुमार सहित अन्य विशेषज्ञों ने भी कृषि आदानों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।








