विदेश से लौटे युवक से दोस्त ने ही साजिश रच लूट लिया मोबाइल,नेट बैंकिंग से रुपया निकलने का भी था प्लान,तीन लुटेरे अरेस्ट

कौशाम्बी: विदेश से लौटे युवक से दोस्त ने ही साजिश रच लूट लिया मोबाइल,नेट बैंकिंग से रुपया निकलने का भी था प्लान,तीन लुटेरे अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले की पुलिस ने दोस्ती की आड़ में की गई लूट का सनसनीखेज खुलासा किया है। विदेश से कमाकर लौटे युवक का मोबाइल उसके ही दोस्त ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट लिया था। आरोपियों की योजना मोबाइल के जरिए नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर पीड़ित के खाते से 10 से 15 लाख रुपये उड़ाने की थी। हालांकि पुलिस ने समय रहते तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मामला मंझनपुर थाना क्षेत्र के मगरोहनी गांव का है।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेसवार्ता कर बताया कि विदेश से लौटे बलराम का दोस्त जयप्रकाश सरोज उसके बैंक खाते में जमा रकम के बारे में जनता था। इसी लालच में उसने अपने साथी रजनीश और लक्ष्मण के साथ मिलकर बलराम का मोबाइल लूट लिया। आरोपियों का मकसद मोबाइल के जरिए नेट बैंकिंग संचालित कर खाते से लाखों रुपये निकालना था।

घटना के बाद पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो वे पीड़ित के खाते से 10 से 15 लाख रुपये निकाल सकते थे। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor