कौशाम्बी पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से लोगो के गुम हुए 23 लाख रुपये कीमत के 106 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए

कौशाम्बी: कौशाम्बी पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से लोगो के गुम हुए 23 लाख रुपये कीमत के 106 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए,

यूपी के कौशाम्बी जिले की पुलिस ने लोगो के मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 106 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता कर बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल फोन की तलाश की। इसके बाद विभिन्न स्थानों से 106 मोबाइल बरामद किए गए। बरामदगी के लिए कंप्यूटर ऑपरेटरों और सीसीटीएनएस पुलिस टीम की भी मदद ली गई।एसपी ने बताया कि करारी और सैनी पुलिस ने सबसे ज्यादा मोबाइल बरामद किए है।

पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार करारी और सैनी थाना पुलिस ने 15-15 मोबाइल, पश्चिम शरीरा पुलिस ने 14, सरायअकिल ने 11 और महेवाघाट व चरवा पुलिस ने 9-9 मोबाइल बरामद किए।इसके अलावा संदीपनघाट और कोखराज पुलिस ने 8-8, कड़ा धाम ने 7, मंझनपुर ने 4, मोहब्बतपुर पइंसा ने 3, कौशांबी थाना पुलिस ने 2 और पिपरी पुलिस ने एक मोबाइल बरामद किया है।

एसपी ने बताया कि CEIR पोर्टल एक केंद्रीय पोर्टल है, जिसके माध्यम से चोरी, खोए अथवा छीने गए मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में पीड़ित इसकी सूचना ceir.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इसके अलावा थाने में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को भी CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ट्रैक किया जाता है।

पुलिस के तकनीकी प्रयासों से बरामद मोबाइल की पहचान उनके स्वामियों के रूप में कराई गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल फोन उन्हें सौंप दिए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

मोबाइल बरामद करने वाले पुलिस टीम में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor