कौशाम्बी: कौशाम्बी में चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए तहसीलवार टीमें गठित, डीलरों के स्टॉक का होगा नियमित सत्यापन,बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता के लिए प्रशासन अलर्ट, डीलरों के स्टॉक की होगी जांच,
यूपी के कौशाम्बी जनपद में चीनी की जमाखोरी रोकने तथा बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डीएम डॉ अमित पाल के निर्देशानुसार तहसीलवार अधिकारियों की टीम गठित की गयी है।
यह जानकारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने देते हुए बताया कि गठित टीम जनपद में कार्य करने वाले चीनी के डीलरों/ स्टॉकिस्टो की दुकानों /गोदामों का निरीक्षण कर नियमित रूप से स्टॉक का सत्यापन करेगी। प्रत्येक तहसील में एसडीएम की अध्यक्षतां में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं सम्बन्धित विकास खण्ड के पूर्ति निरीक्षकों व विपणन निरीक्षकों को नामित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि चीनी के डीलरों पर 01.08.2026 से 30.11.2027 तक स्टॉक लिमिट भारत सरकार द्वारा लगायी गयी है। इसके अनुसार चीनी का कोई डीलर 30 दिन से अनधिक अवधि के लिए किसी स्टॉक का भण्डारण नही करेगा तथा देश भर में किसी भी समय पर किसी भी स्थान में 4000 कु0 से अधिक का चीनी का स्टॉक नही रखेगा। सभी डीलरों के लिए खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर चीनी के स्टॉक की ऑनलाइन घोषणा नियमित रूप से प्रत्येक शुक्रवार को कराना अनिवार्य होगा।
टीम द्वारा अजुहा स्थित कपूर एण्ड ब्रदर्स, सीताराम ट्रेडर्स, भरवारी स्थित अमन ट्रेडर्स, अमित ट्रेडर्स आदि विक्रेताओं के यहाँ औचक निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।
डीएम द्वारा चीनी की जमाखोरी करने एवं अनावश्यक रूप से उपभोक्ताओं को परेशान करने वाले विक्रेतओं के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने की चेतावनी दी गयी है।








