कौशाम्बी: कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में तीन वांछित आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित,
यूपी के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त को हुई पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की घटना के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन वांछित आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के संबंध में थाना पिपरी में मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले में एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों में शकील पुत्र निजामुद्दीन, कहकशा बानो पत्नी नौशाद तथा आदिल पुत्र नौशाद, निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी, जनपद कौशाम्बी शामिल हैं। एसपी सत्यनारायण के निर्देश पर इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन वांछित आरोपियों के संबंध में कोई सूचना मिलती है तो वह तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा जनपद कंट्रोल रूम को सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।








