बारिश के मौसम में बढ़ी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में 441 मरीज बढ़े

कौशाम्बी: बारिश के मौसम में बढ़ी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में 441 मरीज बढ़े,

यूपी के कौशाम्बी जिले में लगातार हो रहे बारिश के मौसम में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिकित्सा परामर्श लेने वाले लोगों की संख्या बढ़ी हुई है। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मानसिक रोग विभाग की ओपीडी में जुलाई में 2,571 मरीज पहुंचे थे, जबकि अगस्त में यह संख्या बढ़कर 3,012 हो गई। यानी एक माह में 441 मरीजों की बढ़ोतरी हुई, जो करीब 17.2 प्रतिशत है।

चिकित्सकों के अनुसार मौसम में बदलाव, लगातार बारिश, धूप की कमी और दिनचर्या प्रभावित होने से कुछ लोगों में तनाव, बेचैनी, नींद की परेशानी, चिड़चिड़ापन और उदासी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। पहले से उपचार ले रहे लोगों को भी इस दौरान अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

मानसिक रोग विभाग में डॉ. नितेश और डॉ. माल्विका मरीजों की जांच, परामर्श और उपचार के साथ उनकी नियमित देखभाल कर रहे हैं। मरीजों और परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के सुपरविजन में विभाग का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। मरीजों को समय से विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

चिकित्सकों ने कहा कि लगातार तनाव, उदासी, अत्यधिक चिंता या नींद में बदलाव जैसी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय से विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। परिवार का सहयोग और संवेदनशील व्यवहार भी मानसिक स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor