कौशाम्बी: बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के घर की दीवार काटकर घुसे चोरो ने लाखों के जेवरात व सामान किए पार,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सराय अकिल थाना क्षेत्र की बेनीराम कटरा चौकी अंतर्गत कटैनी गांव में शनिवार की रात चोरों ने श्याम सुंदर राजपूत के घर को निशाना बना लिया। मकान की दीवार काटकर अंदर घुसे चोर आलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर लाखों रुपये कीमत के जेवरात, कीमती बर्तन और जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई तो गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने सुबह मकान की दीवार कटी देख परिजनों को सूचना दी। घर के अंदर पहुंचे परिजनों को आलमारी और बक्सों के टूटे ताले, बिखरा सामान तथा खाली पड़े जेवरों के डिब्बे मिले। चोरी की जानकारी होते ही हेमा देवी, बेटी पूजा समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के मुताबिक श्याम सुंदर राजपूत मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घर में बेटी पूजा की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए खरीदे गए जेवर और बर्तन के साथ पूर्वजों के जेवर भी घर में रखे थे, जिन्हें चोर समेट ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी से बेटी की शादी की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है।
ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर सामान बरामद करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वही थाना प्रभारी ज्ञान सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।








