कौशाम्बी: कौशाम्बी में लगातार बारिश से डीएफसी रेलवे लाइन के किनारे मिट्टी का कटाव,रेलवे विभाग में मचा हड़कंप,बोरियो में बालू और गिट्टी भरकर बल्लियों के सहारे रोका जा रहा मिट्टी का कटाव,
यूपी के कौशाम्बी जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब रेलवे ट्रैक की सुरक्षा पर भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली से मुगलसराय तक जाने वाली डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेलवे लाइन के आसपास कई स्थानों पर बारिश के चलते मिट्टी का कटाव शुरू हो गया है। मिट्टी बहने से रेलवे लाइन की सुरक्षा को खतरा पैदा होने की आशंका से रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
रेलवे लाइन की निगरानी और पेट्रोलिंग कर रहे कर्मचारियों की नजर जब ट्रैक के आसपास हो रहे मिट्टी के कटाव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग सतर्क हो गया और प्रभावित स्थानों पर मिट्टी को बहने से रोकने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया गया।
जहां-जहां मिट्टी का कटाव हो रहा था, वहां बोरियों में बालू और गिट्टी भरकर लगाई गईं, ताकि बारिश के पानी के साथ मिट्टी बहकर रेलवे लाइन की ओर न पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों द्वारा लगातार प्रभावित स्थानों की निगरानी भी की जा रही है।
लगातार बारिश के बीच डीएफसी लाइन की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन की सक्रियता से किसी भी संभावित खतरे को टालने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों की निगरानी में कटाव वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।








