कौशाम्बी: करंट की चपेट में आने से रिक्शा चालक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम,
यूपी के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां करंट की चपेट में आने से रिक्शा चालक रिजवान अहमद की मौत हो गई। मृतक की पत्नी वहीदा बेगम ने बताया कि रिजवान अहमद रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। सुबह उनके पास फोन आया था कि भाड़ा लेकर शमसाबाद बोर्ड जाना है, जिसके बाद वह घर से निकल गए। कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि रिजवान करंट की चपेट में आ गए हैं और उन्हें मंझनपुर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रिजवान अहमद को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है वही मृतक की पत्नी ने आरोप लगाते हुवे बताया कि निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही की गई जिसी उनकी पति की मौत हो गई । परिजनों ने मंझनपुर पुलिस से मामले की जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








