कौशाम्बी: पोषण माह में गूंजा स्वस्थ मातृ-शिशु व सुपोषित किशोरियों का संदेश,आंगनबाड़ी केंद्र भगवानपुर बहुगरा में गोद भराई व पोषण कार्यक्रम आयोजित,
यूपी के कौशाम्बी जिले में पोषण माह के अंतर्गत बाल विकास परियोजना नेवादा के आंगनबाड़ी केंद्र भगवानपुर बहुगरा में मंगलवार को विभिन्न जागरूकता एवं पोषण संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर स्वस्थ मातृ-शिशु एवं सुपोषित किशोरियों का संदेश दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू वर्मा ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने हरी साग-सब्जियों के नियमित सेवन और उनके पोषण संबंधी लाभों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों को अपने दैनिक आहार में पोषक तत्वों को शामिल करना चाहिए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार तथा गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस दौरान आयोजित पोषण रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सुपोषित परिवार और स्वस्थ समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य सेविका राधा रानी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री अर्चना शुक्ला, अर्चना सरोज एवं लालती सहित गर्भवती, धात्री महिलाएं और किशोरी बालिकाएं मौजूद रहीं।








