रक्तदान से जीवनदान की मुहिम को मिल रही नई रफ्तार,कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में मनाया गया राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस

कौशाम्बी: रक्तदान से जीवनदान की मुहिम को मिल रही नई रफ्तार,कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में मनाया गया राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस,

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पैथोलॉजी विभाग की ओर से रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुरक्षित रक्तदान, रक्त चढ़ाने के दौरान होने वाली प्रतिक्रियाओं तथा रक्त एवं रक्त अवयवों के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डॉ. रवि रंजन ने रक्त चढ़ाने के दौरान होने वाली संभावित प्रतिक्रियाओं, उनके लक्षण, समय पर पहचान तथा उचित उपचार के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. विकास ने रक्त एवं रक्त अवयवों के विवेकपूर्ण और आवश्यकता आधारित उपयोग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्त का उपयोग उचित चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार ही किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर दीप नारायण मिश्रा के नियमित रक्तदान की विशेष रूप से सराहना की गई। उन्होंने अब तक 24 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका यह प्रयास समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अन्य लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का उदाहरण है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार तिवारी ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन का आधार बन सकता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।” उन्होंने चिकित्सकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन से रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. शारदा सिंह, डॉ. राकेश शुक्ला, डॉ. अरिंदम चक्रवर्ती, डॉ. मृदुला रंजन, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. संध्या खरे, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अंकित, डॉ. अरुण पांडे सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हुसैनी फाउंडेशन के अरशद तथा संत निरंकारी मंडल के देशराज एवं दीप नारायण मिश्रा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कौशाम्बी ने रक्तदान को जीवनदान से जोड़ते हुए सुरक्षित, स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor