कौशाम्बी: इलेक्ट्रिक की दुकान में लगी भीषण आग,फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,चार लाख का नुकसान,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन गांव निवासी अमित कुमार साहू की इलेक्ट्रिक उपकरणों की दुकान में गुरूवार की रात अचानक आग लग गई। आग से हुई इस घटना में लगभग चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने की कोशिश नाकाम होने पर घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सैनी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन गांव निवासी अमित कुमार साहू ने गांव के चौराहे पर इलेक्ट्रिक उपकरणों की दुकान खोल रखी है। रोज की तरह वह गुरुवार देर शाम लगभग 7 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। इसी दौरान रात लगभग 9 बजे शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा इलेक्ट्रिक उपकरण समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर पीड़ित अमित कुमार भी मौके पर पहुंच गया। घटना की जानकारी होने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार दूकान में आग लगने से तकरीबन चार लाख रुपये कीमत का कीमती सामान जलकर राख हो गया।








