CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी और पुतला फूंकने पर सपाइयों पर मामला दर्ज,SI की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष समेत 9 नामजद सहित कई अज्ञात पर मामला दर्ज

कौशाम्बी: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी और पुतला फूंकने पर सपाइयों पर मामला दर्ज,SI की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष समेत 9 नामजद सहित कई अज्ञात पर मामला दर्ज,

यूपी के कौशाम्बी जिले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, नारेबाजी और पुतला फूंकने के मामले में मंझनपुर पुलिस ने समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष समेत 9 नामजद सहित कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंझनपुर मुख्यालय में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय से सपा के जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव के नेतृत्व में सैकड़ो सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और इस्तीफे की मांग करते हुए चौराहे पर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने की कोशिश की,जिसपर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई।

इस मामले में एसआई की तहरीर पर मंझनपुर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, शहनवाज, चंद्रजीत यादव, राजू सिंह पटेल, भरत सिंह लोधी, आनंद मोहन पटेल, विभा यादव, अमित पांडे और आफताब शेख समेत अन्य अज्ञात लोगों पर कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

तहरीर में आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्य मार्ग पर एकत्र होकर आवागमन बाधित कर दिया, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और व्यापारियों को परेशानी हुई तथा यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के सांकेतिक पुतले को आग लगाकर जलाया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल पैदा हो गया।

पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद बल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुतले में लगी आग बुझाई और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। घटना के वीडियो और फोटोग्राफ भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध होने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है।

मंझनपुर थाने में तैनात पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार यादव की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor