शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, कड़ा धाम में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ,पुलिस को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

कौशाम्बी: शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, कड़ा धाम में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ,पुलिस को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था,

यूपी कौशाम्बी जिले में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला धाम, कड़ा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्र के साथ ही कड़ा धाम में नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया।

मां शीतला धाम में दर्शन के लिए कौशाम्बी सहित आसपास के जनपदों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन करते नजर आए। नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर से लेकर कुबरी घाट तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया है। सीओ सिराथू सहित अन्य पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए दूसरे जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।

शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन कराने में जुटे रहे। नौ दिनों तक चलने वाले इस मेले में आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मां शीतला के दरबार में भक्तों की आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor