कौशाम्बी: सरदार पटेल जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मेरा भारत, ब्लॉक सरसवां द्वारा जयप्रकाश सर्वोदय बालिका विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी ज्ञान क्षमता एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शिवानी देवी ने प्रथम स्थान, कीर्ति यादव ने द्वितीय स्थान तथा श्वेता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जागृत करना और सरदार वल्लभभाई पटेल जी के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय की प्रधानाचार्या पुष्पा चौधरी उपस्थित रहीं। वहीं प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विद्यालय की शिक्षिकाएं मीना कुमारी, ममता पांडे एवं पूर्णिमा देवी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा भारत उत्तर प्रदेश की डिप्टी डायरेक्टर जागृति पांडे के निर्देशन में ब्लॉक सरसवां के वॉलिंटियर अभिराज सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।








