सीडीओ ने बृहद रोजगार मेला प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

कौशाम्बी: सीडीओ ने बृहद रोजगार मेला प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना,

यूपी के कौशाम्बी के शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश मिशन रोजगार के अन्तर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय 19 नवंबर को राजकीय आईटीआई, मंझनपुर (पुलिस लाइन के पास) में बृहद रोजगार मेला/प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने विकास भवन परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने अवगत कराया है कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 35 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर अभ्यर्थियों के चयन की कार्यवाही करेंगी। इनमें एल.एण्ड टी., टाटा फिएट, यजाकी इंडिया, टाटा मोटर्स, एस.आई.एस. सिक्योरिटी, एमीग्रियेशन सिक्योरिटी, भारतीय जीवन बीमा निगम, एयरटेल, वोडाफोन, सुब्रोस, श्री रमेश होण्डा, श्री रमेश चन्द्र चैरिटेबल ट्रस्ट एवं फार्मेसी, कौशाम्बी उषा नर्सिंग आदि प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।

रोजगार मेले में न्यूनतम कक्षा 08 उत्तीर्ण से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा एवं कौशल प्रशिक्षण प्राप्त सभी प्रकार के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को अपने शैक्षिक अभिलेखों एवं बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर कौशल विकास मिशन के एमआईएस प्रबंधक योगेन्द्र शुक्ला सहित विकास भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor