मान्यता प्राप्त पत्रकार संवाददाता समिति की बैठक में 6 प्रस्ताव पारित,डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया मांगपत्र

कौशाम्बी: मान्यता प्राप्त पत्रकार संवाददाता समिति की बैठक में 6 प्रस्ताव पारित,डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया मांगपत्र,

यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार संवाददाता समिति की कौशाम्बी इकाई की एक बैठक सोमवार को विकास भवन परिसर स्थित सरस हाल में सम्पन्न हुई। बैठक वरिष्ठ पत्रकार रामवदन भार्गव की अध्यक्षता में हुई, जिसमें मान्यता प्राप्त पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से 6 प्रस्ताव पारित किए गए और निर्णय लिया गया कि सभी पारित प्रस्ताव राज्यपाल उत्तर प्रदेश को डीएम कौशाम्बी के माध्यम से प्रेषित कर उनके समाधान हेतु अनुरोध किया जाए।

जिसके पश्चात पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को संबोधित 6 सूत्रीय मांगो का एक ज्ञापन डीएम डॉ अमित पाल को सौंपा।

ये हैं प्रमुख मांगें –

1. सम्मानजनक पेंशन की मांग – जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों का अनुभव 15 वर्ष पूर्ण हो गया है, उन्हें प्रतिमाह 15,000 रुपये की सम्मानजनक पेंशन दी जाए।

2. विधान परिषद में प्रतिनिधित्व – उत्तर प्रदेश विधान परिषद में मान्यता प्राप्त दो पत्रकारों का मनोनयन सदस्य के रूप में किया जाए, जिससे पत्रकार हित की उच्च सदन में चर्चा की जा सके।

3. लखनऊ में पत्रकार भवन – उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पत्रकार भवन का निर्माण कराया जाए, जिससे प्रदेश भर से लखनऊ आने वाले मान्यता प्राप्त पत्रकार बंधुओं को कम शुल्क पर आवासीय व्यवस्था सुलभ हो सके।

4. निःशुल्क आवासीय भूखंड – जिला मुख्यालय मंझनपुर कौशाम्बी में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को निःशुल्क आवासीय भूखंड उपलब्ध कराया जाए।

5. प्रेस स्थाई समिति का गठन – जनपद कौशाम्बी में शीघ्र ही प्रेस स्थाई समिति का गठन किया जाए।

6. आयुष्मान कार्ड – जिले के जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके आयुष्मान कार्ड अविलंब बनाए जाएं।

इस दौरान अनुराग शुक्ला,विमलेश शुक्ला,योगेन्द्र सिंह,कृष्णमणि मिश्रा,सच्चिदानंद मिश्रा सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor