कौशाम्बी: स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए छात्र-छात्राओं ने निकाली जन-जागरूकता रैली,अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना,
भारत की जनगणना के अंतर्गत संचालित स्वगणना प्रक्रिया के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दुर्गा देवी इंटर कॉलेज, ओसा के छात्र-छात्राओं द्वारा जन-जागरूकता रैली निकाली गई।
अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से समाज की सामाजिक, आर्थिक तथा जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने तथा संसाधनों के बेहतर नियोजन में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया में आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वगणना के माध्यम से आमजन स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज कर सकते हैं।उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे इस जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपने परिवार, आसपास के लोगों एवं समाज के अन्य लोगों को भी स्वगणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भाग लेकर जनगणना के राष्ट्रीय महत्व को समझ सकें।
जन-जागरूकता रैली ओसा चौराहा से प्रारंभ होकर जिला अस्पताल तक निकाली गई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वगणना के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आमजन को जनगणना में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी देना तथा इसके प्रति व्याप्त किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर कर जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक एल0बी0 मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








