मेडिकल कॉलेज के पास दबंगों ने बोलेरो गाड़ी रोककर परिवार पर किया जानलेवा हमला

कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज के पास दबंगों ने बोलेरो गाड़ी रोककर परिवार पर किया जानलेवा हमला,

यूपी के कौशाम्बी जिला मुख्यालय मंझनपुर में मेडिकल कॉलेज के पास देर रात सड़क पर खुलेआम दबंगई का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रिश्तेदारी से लौट रहे एक परिवार की बोलेरो गाड़ी को सिल्वर रंग की टाटा टियागो कार सवार तीन अज्ञात लोगों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोपियों पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला करने, महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया है।

मंझनपुर के नया नगर निवासी सलमान अहमद की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, 25 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे वह अपनी मां, दोनों भाइयों, पत्नी, बहन और बहनोई के साथ बोलेरो से पश्चिम शरीरा स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी जिला अस्पताल के पास पहुंची, पीछे से आई सिल्वर रंग की टाटा टियागो कार ने ओवरटेक कर बोलेरो के आगे गाड़ी लगा दी। आरोप है कि कार से उतरे तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बोलेरो का गेट खोलकर चाबी निकाल ली।

विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों को बचाने पहुंचे दोनों भाइयों पर दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने एक भाई का हाथ मरोड़कर पैर पर वार किया। शोर सुनकर मां बचाने पहुंची तो उनके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई और जमीन पर पटक दिया गया। आरोपियों ने मां के बाएं पैर में जोरदार प्रहार कर उसे तोड़ दिया।

इतना ही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी पत्नी, बहन और बहनोई के साथ भी अभद्रता करते हुए अश्लील टिप्पणियां कीं। मां के कान से सोने का टॉप्स भी छीन लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी अपनी कार से ओसा चौराहे की तरफ फरार हो गए। पीड़ित का दावा है कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है। घटना में घायल पीड़ित और उसके परिजनों का निजी डॉक्टर से उपचार कराया गया। गुरुवार को सलमान अहमद ने मंझनपुर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor