कौशाम्बी
वाहन चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर ने तिल्हापुर चौकी इंचार्ज को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चौकी इंचार्ज का एक पैर फ्रैक्चर हो गया और सिर पर भी गंभीर चोटें लगी। गंभीर हालत में एसआई को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चलता ट्रैक्टर छोड़कर चालक और क्लीनर फरार हो गए। थोड़ी ही दूर पर जाकर ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर एसपी अभिनंदन दल बल के साथ पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी। एसपी के निर्देश पर ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया। वहीं चालक व क्लीनर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसपी अभिनंदन ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान तिल्हापुर चौकी इंचार्ज को एक चालक ने ट्रैक्टर से टक्कर मार दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की छानबीन चल रही है।तिल्हापुर चौकी इंचार्ज हनुमान प्रसाद सुबह उस्मानपुर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मल्हीपुर घाट से एक ट्रैक्टर ओवरलोड बालू लाद कर आ रहा था। चौकी इंचार्ज ने ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर रोकने का इशारा किया। लेकिन वह ट्रैक्टर रोकने के बजाय भागने लगा। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। जिससे ट्रैक्टर का अगला पहिया चौकी इंचार्ज के पैर में चढ़ गया। हादसे में उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और सिर पर भी गंभीर चोटें लगी। चीख पुकार सुन मौके पर लोगों की भीड़ जुड़ गई। जबकि चलता ट्रैक्टर छोड़कर चालक व क्लीनर मौके से फरार हो गए। थोड़ी ही दूर पहुंचने पर ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। आनन-फानन में चौकी इंचार्ज को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अभिनंदन मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जांच के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया। आरोपी चालक व क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया।