कौशाम्बी: कौशाम्बी में तेज रफ्तार का कहर,तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई,हादसे में 2 की मौत,4 घायल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है,जहा देर रात एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
हादसा सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमासिन गांव के पास हाईवे पर हुआ है। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट डिजायर कार में सवार सभी 6 लोग फतेहपुर जनपद के रहने वाले थे और एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राजेश यादव और राहुल पटेल की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अरविंद, अनिल, प्रदीप और देवनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच के दौरान कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसा शराब के नशे में गाड़ी चलाने की वजह से हुआ हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








