आकांक्षी विकासखंड कौशाम्बी एवं मंझनपुर में नोडल अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

कौशाम्बी: आकांक्षी विकासखंड कौशाम्बी एवं मंझनपुर में नोडल अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण,

यूपी के कौशाम्बी जिले में आए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारियों बद्रीनाथ सिंह, विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं राजकुमार, सचिव, ऊर्जा विभाग ने आकांक्षी विकासखंड कौशाम्बी एवं मंझनपुर के विभिन्न विकासात्मक कार्यों एवं योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। संपूर्ण भ्रमण कार्यक्रम की अगुवाई एवं समन्वय सीएम फेलो राजेश कुमार ने की।

नोडल अधिकारियों ने ग्राम रसूलपुर बड़गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, कंपोजिट विद्यालय, ग्राम पंचायत भवन, आरसी सेंटर एवं सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों एवं वर्तमान प्रगति की जानकारी नोडल अधिकारियों को मौके पर ही दी गई। सीएम फेलो राजेश कुमार द्वारा सभी विभागीय कार्यों की क्रमबद्ध एवं प्रभावी ब्रीफिंग करते हुए आकांक्षी विकासखंड के इंडिकेटरों में हुई प्रगति तथा भविष्य में किए जाने वाले प्रयासों से अवगत कराया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, नामांकन एवं लर्निंग स्तर का अवलोकन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा बच्चों को खेल-खेल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षित करते पाया गया। नोडल अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं एवं आईसीडीएस विभाग के कार्यों की विशेष सराहना की। मौके पर दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

कंपोजिट विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, नामांकन एवं अधिगम स्तर की जानकारी ली गई। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता एवं बच्चों के सीखने के स्तर को संतोषजनक पाया गया।

भ्रमण के दौरान हर घर नल योजना की भी समीक्षा की गई। नोडल अधिकारियों ने जल निगम के अधिकारियों को योजना के कार्यों को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों में योजना के प्रति विश्वास बढ़े और उन्हें नियमित पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।

भ्रमण के उपरांत सीडीओ एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आकांक्षी विकासखंडों के विभिन्न इंडिकेटरों की विभागवार समीक्षा की गई। प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक प्राप्त उपलब्धियों, जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने इंडिकेटरों की प्रगति एवं किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की।

नोडल अधिकारियों द्वारा कौशाम्बी एवं मंझनपुर में विशेष रूप से आईसीडीएस एवं शिक्षा विभाग के कार्यों, बच्चों के नामांकन, उपस्थिति एवं लर्निंग स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की गई। साथ ही सीएम फेलो श्री राजेश कुमार एवं श्रीमती सौम्या अवस्थी द्वारा आकांक्षी विकासखंडों की मॉनिटरिंग, विभागों के मध्य समन्वय एवं इंडिकेटर आधारित कार्यों में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई।

नोडल अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आकांक्षी विकासखंडों के इंडिकेटरों में निरंतर सुधार लाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor