कौशाम्बी: डीएम ने समदा में धान की क्रॉप कटिंग कार्यों का किया निरीक्षण,क्रॉप कटिंग में 47.42 कुंतल प्रति हेक्टेयर पाई गई धान की उत्पादकता,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को तहसील मंझनपुर के ग्राम समदा में फसल धान की क्रॉप कटिंग कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने धान की क्रॉप कटिंग कराकर फसल की उत्पादकता का आकलन किया तथा प्राप्त आंकड़ों को सीसीई एग्री ऐप पर अपलोड कराया।
इस दौरान डीएम ने उपस्थित किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी उपज का विक्रय सरकारी क्रय केंद्रों पर ही करें तथा फसल अवशेष (पराली) को न जलाएं। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का भी आह्वान किया।
किसान तफसीर खां के खेत में संपन्न क्रॉप कटिंग के दौरान धान की उत्पादकता 47.42 कुंतल प्रति हेक्टेयर पाई गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष क्षतिपूर्ति का भुगतान करने में क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है, जिससे किसानों को नियमानुसार समय से फसल क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अपर सांख्यिकीय अधिकारी रविकान्त, नायब तहसीलदार अतुल, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








