होली और शब्बे बारात त्योहार एक साथ और सौहार्दपूर्ण मनाए:डीएम-एसपी

कौशाम्बी

डीएम अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में होली एवं शब्बे बारात एक ही दिन होने के मद्देनजर त्यौहार को शान्तिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से मनाये जाने हेतु जनपद के सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम ने होली के मद्देनजर जनपद में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि होली त्यौहार पर शस्त्र प्रदर्शन करने वालो के शस्त्र निरस्त किये जाएंगे। डीएम ने 21 वर्ष की आयु तक के बच्चों को शराब बेचने वाले दुकानदारों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है। डीएम ने सभी जनपद वासियों को कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मास्क लगाने एवं दो गज की दूरी बनाकर ही होली के पर्व को मनाये जानेे का निर्देश दिया है। उन्होने जनपद के संवेदनशील स्थलों पर कड़ी नजर बनाये रखने एवं आसामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये है। उन्होने कहा कि होली पर्व पर आसामाजिक तत्वों केा फैलाने वालों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि 28 और 29 मार्च को होली का त्यौहार पूरे जनपद में शान्ति और सौहार्द के साथ मनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर होली पर्व पर शान्ति व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया है। उन्होने होलिका दहन वाले स्थानों की साफ-सफाई कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है। उन्हेाने ढीले, लटकते एवं जर्जर विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराये जाने का निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिया है। उन्होने पानी की टंकियों के पाइप के लीकेज को तत्काल ठीक कराये जाने का निर्देश अधिशासी अभियंता जल निगम को दिया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि नवीन व विवादित स्थल पर होलिका दहन का प्रयास नहीं किया जायेगा। शरारती तत्वों द्वारा होलिका में छप्पर गुमटी/लकड़ी आदि डालते हुए पाये जाने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होने कहा कि होलिका का दहन समय से ही किया जाय तथा धार्मिक उन्माद फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाये। किसी के धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाई जाये ऐसे लोगों के मकान व घरों पर रंग व कीचड़ न फेंके जायें जो दूसरे सम्प्रदाय से तालुक रखते हैं। महिलाओं से अश्लील हरकत करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। बैठक में अधिशासी अधिकारी करारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया है।
इस अवसर पर एसपी अभिनन्दन ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अन्य लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में निरन्तर भ्रमणशील रहकर होली पर्व पर असामाजिक तत्वों को फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने एवं जनपद में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन न चलायें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री मनोज, अपर पुलिस अधीक्षक श्री समर बहादुर, सभी उपजिलाधिकारीगण, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, जिला आबकारी अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, सभी थाने के थानाध्यक्ष, जनपद के सम्भ्रान्त नागरिकगणों के साथ-साथ सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor