कौशाम्बी: सेवा संकल्प अभियान में गूंजा जनसेवा का संदेश,रक्तदान से लेकर स्वच्छता और वृक्षारोपण तक हुए विविध कार्यक्रम,
यूपी के कौशाम्बी जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत् स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कौशाम्बी में गुरुवार को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे स्वच्छता अभियान से हुई। चायल की विधायक पूजा पाल की उपस्थिति में अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद सुबह 09 बजे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें माननीय विधायक पूजा पाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व विधायक मंझनपुर लाल बहादुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह एवं सीएमओ डॉ. संजय कुमार उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर को सफल बनाने में डॉ. सौरभ मिश्रा, डॉ. नंदनी राघव, डॉ. विकास कुमार, ब्लड बैंक स्टाफ, पियूष शुक्ला, अनिल कुमार, देशेश, जितेंद्र पांडेय सुपरवाइजर, मैनेजर सोएब तथा सीएमएस डॉ. पंकज तिवारी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 11 बजे से 12 बजे तक अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान पूर्व सांसद विनोद सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए पूरे स्टाफ को बधाई दी।








