कौशाम्बी: पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिला स्वरोजगार का संबल, 44 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित,
यूपी के कौशाम्बी जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, सदस्य उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा, सदस्य अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग उत्तर प्रदेश जितेंद्र कुमार, पूर्व विधायक लाल बहादुर ने भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत् उदयन सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आयोजित टूलकिट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 44 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों के हुनर को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि उपलब्ध कराई जा रही टूलकिट से लाभार्थियों को अपने पारंपरिक कार्य को बेहतर ढंग से करने में सुविधा मिलेगी तथा उनकी कार्यक्षमता और आय में वृद्धि के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उदयन सभागार में किया गया तथा उपस्थित व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।
इस अवसर पर सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी एवं उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








