युवक की हत्या का प्रयास करने वाले दस-दस हजार के दो इनामी आरोपी अरेस्ट

कौशाम्बी,

युवक की हत्या का प्रयास करने वाले दस-दस हजार के दो इनामी आरोपी अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले में महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में 12 सितंबर को हुई सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद दोनों इनामी आरोपियों को रविवार को धाता मोड़ नहर पुलिया के पास से अरेस्ट कर लिया है,पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है। दो आरोपियों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।

महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव निवासी चेतराम ने 16 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी कि उसका भतीजा सूरज गुप्ता 12 सितंबर को शौच के लिए नहर की तरफ गया था। वहीं पर गांव के ही विपक्षी किलविस यादव पुत्र हीरालाल यादव एवं कल्लू सिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह ने उससे शराब लाने को कहा। जब सूरज ने इनकार कर दिया तो दोनों ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उसकी टांग पकड़कर फाड़ दी, जिससे उसका शरीर का निचला हिस्सा गंभीर रूप से घायल हो गया। खून से लथपथ सूरज को मंझनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश कुमार ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। साथ ही दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

रविवार को महेवाघाट पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों इनामी आरोपी धाता मोड़ नहर पुलिया के पास फरार होने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। वहीं, गंभीर हालत में घायल सूरज गुप्ता का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor