कौशाम्बी: योगी सरकार ने कृष्णा पासवान को बनाया कौशाम्बी का प्रभारी मंत्री,भाजपाइयों में खुशी की लहर,
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बुधवार को प्रभारी मंत्रियों के जिलों के प्रभार में बड़ा परिवर्तन किया है। योगी सरकार ने नए मंत्रियों को नए जिले आवंटित किए हैं, जबकि कई वरिष्ठ मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में भी परिवर्तन किया है।
इसी क्रम में कौशाम्बी जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में फतेहपुर की विधायक एवं योगी सरकार में मंत्रिमंडल में शामिल हुई कृष्णा पासवान को अब यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले दिनेश प्रताप सिंह कौशाम्बी जिले के प्रभारी मंत्री थे, जिन्हें अब बांदा और बहराइच जिलों का प्रभार दिया गया है।
कृष्णा पासवान फतेहपुर जनपद की खागा किशनपुर सुरक्षित सीट से विधायक हैं। वह वर्तमान में योगी सरकार में राज्य मंत्री के पद पर हैं। इनका जन्म 1 अगस्त, 1963 को फतेहपुर जनपद के पिलखिनी गांव में हुआ था। वह खागा सुरक्षित सीट से लगातार तीन बार (2012, 2017 और 2022) चुनाव जीत चुकी है।
कृष्णा पासवान उत्तर प्रदेश विधानसभा की महिला और बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति भी हैं। वह अपने विधानसभा क्षेत्र में विशेष रूप से महिलाओं और दलित समुदाय के मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं। हाल ही में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए खागा क्षेत्र में घटिया गुणवत्ता वाली सड़क को फावड़े से खोदकर भ्रष्टाचार को उजागर किया था।
दलित समुदाय से आने वाली कृष्णा पासवान को कौशाम्बी जिले का प्रभारी मंत्री बनाकर भाजपा ने जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। कौशाम्बी जिले में पासी मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या बताई जा रही है। सरकारी और जनसांख्यिकीय विश्लेषणों के अनुसार कौशाम्बी जिले में पासी समुदाय की आबादी लगभग 3.5 लाख बताई जा रही है।








