लखनऊ अग्निकांड के बाद कौशाम्बी में कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी,बेसमेंट में संचालित मिले कोचिंग क्लासेस,अधिकारियों ने किए सील

कौशाम्बी: लखनऊ अग्निकांड के बाद कौशाम्बी में कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी,बेसमेंट में संचालित मिले कोचिंग क्लासेस,अधिकारियों ने किए सील,

यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए अग्निकांड में बच्चों की मौत के बाद कौशाम्बी जिला प्रशासन भी एलर्ट हो गया है, जिला मुख्यालय मंझनपुर में DIOS और फायर सेफ्टी ऑफिसर (FSO) ने संयुक्त छापेमारी की, जिसमें तीन कोचिंग सेंटरों की जांच की गई और एक को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई जनपद के डीएम और एसपी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर बेसमेंट में संचालित ‘डिजिटल क्लासेस सेंटर’ पर की गई।मंझनपुर मुख्यालय में हुई इस छापेमारी में ‘डिजिटल क्लासेस सेंटर’ में फायर एग्जिट, अग्निशमन यंत्र, अलार्म और स्मोक डिटेक्टर जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं नदारद मिलीं। जांच के बाद डीआईओएस ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील करने का आदेश दिया। डीआईओएस और फायर सेफ्टी विभाग की संयुक्त जांच में इन कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है।

जांच के दौरान सिराथू तहसील के नजदीक नहर रोड पर संचालित ‘सार्थक एकेडमी’ की लाइब्रेरी में भी गंभीर खामियां पाई गईं। बेसमेंट में चल रही इस लाइब्रेरी में न तो फायर एग्जिट गेट था और न ही आग से बचाव के लिए कोई सुरक्षा उपकरण मौजूद थे। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की इस अनदेखी को गंभीर खतरा बताया है।

इस संबंध में डीआईओएस बीएल मौर्य ने बताया कि मंगलवार शाम को मुख्यालय मंझनपुर में तीन कोचिंग सेंटरों की जांच की गई। बेसमेंट में संचालित एक कोचिंग को सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण सील करने का निर्देश दिया गया है। अचानक हुई इस चेकिंग की सूचना मिलते ही कई अन्य कोचिंग संचालकों ने अपने संस्थानों पर ताला लगाकर बच्चों को छुट्टी दे दी और फरार हो गए।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor