नगर पालिका भरवारी में 14 लाख की सड़क-नाली परियोजना पर घोटाले का आरोप,सभासद प्रतिनिधि ने उठाए सवाल; ईओ बोले जांच कराकर होगी कार्यवाही

कौशाम्बी: नगर पालिका भरवारी में 14 लाख की सड़क-नाली परियोजना पर घोटाले का आरोप,सभासद प्रतिनिधि ने उठाए सवाल; ईओ बोले जांच कराकर होगी कार्यवाही,

यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी में सड़क और नाली निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर-11 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर के सभासद प्रतिनिधि ने लगभग 14 लाख रुपये लगत की परियोजना में अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाते हुए नगर पालिका प्रशासन और अध्यक्ष पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मामले की शिकायत ईओ समेत जिले के उच्चाधिकारियों से की गई है।

आरोप है कि वार्ड नंबर 11 के मारूफपुर में बिना निर्माण कार्य पूरा कराए ही परियोजना का शिलापट्ट लगा दिया गया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कार्य पूरा दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया है,जबकि काम हुआ हो नहीं है। सभासद प्रतिनिधि सुनील कुमार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया है।

सुनील कुमार का कहना है कि शिलापट्ट पर न सिर्फ लाभार्थी और वार्ड का नाम गलत दर्ज किया गया है, बल्कि वार्ड नंबर-11 में वार्ड नंबर-8 ‘लियाकत अली नगर, अमहा’ का नाम अंकित कर दिया गया। उनका आरोप है कि यही शिलापट्ट चार महीने पहले वार्ड के दूसरे स्थान पर लगाया गया था, जिसे बाद में हटाकर रातों-रात दूसरी जगह स्थापित कर दिया गया। इससे पूरे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सभासद प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि जिस वार्ड में यह मामला सामने आया है, उसी क्षेत्र में नगर पालिका अध्यक्ष का आवास भी स्थित है। इसके बावजूद निर्माण कार्य और शिलापट्ट में इतनी बड़ी लापरवाही होना गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस सम्बन्ध में नगर पालिका परिषद भरवारी के ईओ रामसिंह ने फोन पर बताया कि सभासद प्रतिनिधि की शिकायत प्राप्त हुई है। सड़क और नाली निर्माण में अनियमितता के आरोपों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिलापट्ट पर वार्ड का नाम गलत अंकित होना ठेकेदार की त्रुटि है और उसे तत्काल सही कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor