अवैध शराब और गांजा तस्करों के लिए आन डिमांड बोलेरो चोरी करने वाले एक प्रतापगढ़ और दो बक्सर बिहार के आरोपी अरेस्ट,चोरी की बोलेरो बरामद

कौशाम्बी: अवैध शराब और गांजा तस्करों के लिए आन डिमांड बोलेरो चोरी करने वाले एक प्रतापगढ़ और दो बक्सर बिहार के आरोपी अरेस्ट,चोरी की बोलेरो बरामद,

यूपी के कौशाम्बी जिले से अवैध शराब और गांजा तस्करों के लिए आन डिमांड बोलेरो गाड़ी चोरी करने वाले गिरोह का जिले की एसओजी और कड़ा धाम थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है,पुलिस टीम ने एक प्रतापगढ़ और दो बिहार के बक्सर जिले से आरोपियो को अरेस्ट किया है,आरोपियों के एपीएस से कड़ा धाम दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की चोरी गई बोलेरो गाड़ी को बरामद किया है।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि थाना कड़ाधाम क्षेत्र में माता शीतला का दर्शन करने आए सत्यप्रकाश पाण्डेय पुत्र दयाशंकर पाण्डेय निवासी चरैया थाना पट्टी जनपद प्रतापगढ़ ने 13 जुलाई को सूचना दी थी कि वे भाड़े की बोलेरो गाड़ी को लेकर गंगा स्नान व शीतला धाम मन्दिर दर्शन करने आये थे। हनुमान घाट बैरियर से आगे पानी टंकी के पास खड़ी उनकी बोलेरो गाड़ी सफेद रंग नम्बर UP79M9354 को अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है, काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली। घटना के ख़ुलासे के लिए टीमों का गठन कर घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिये गये थे।

इसी क्रम में गठित टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगो से पूछताछ व सर्विलांस आदि की सहायता से घटना से सम्बन्धित प्रकाश में आये आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिस दी जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की बोलेरो को आरोपी प्रदीप मिश्रा इंजन नम्बर व चेचिस नम्बर टेम्पर कर नया फर्जी नम्बर बनवाकर उसे बेचने के लिये बक्सर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीमों द्वारा बक्सर की तरफ रवाना होकर खोजबीन की जाने लगी इसी दौरान थाना नरही, जनपद बलिया क्षेत्रान्तर्गत उजियार गांव के पास सड़क किनारे संदिग्ध बोलेरो वाहन को घेरकर उसमें बैठे 03 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार मिश्रा पुत्र कृष्ण कुमार मिश्रा निवासी शिवनी का पुरवा मजरा देवरपट्टी थाना बाघराय जनपद प्रतापगढ़,मोहम्मद शाहजहां खान पुत्र स्वर्गीय मुमताज खान निवासी तुर्कपुरवा थाना मुफ्फसिल जिला बक्सर बिहार और अनूप कुमार सिन्हा पुत्र स्वर्गीय रामाधार निवासी वार्ड नं0 04 इटाढ़ी थाना इटाढ़ी जिला बक्सर बिहार बताये जा रहे है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 01 बोलेरो गाड़ी बरामद किया गया। विधिक कार्यवाही के पश्चात सभी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 13.07.2026 को थाना कड़ाधाम क्षेत्रान्तर्गत शीतला माता मंदिर के पास से उक्त बोलेरो वाहन चोरी की थी। चोरी के बाद वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहन के इंजन एवं चेसिस नंबर में छेड़‌छाड़ कर परिवर्तन किया गया तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए वाहनों को फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिहार एवं आसपास के राज्यों में बेच देते थे। आरोपियों ने वर्ष 2025 से थाना कड़ाधाम क्षेत्रान्तर्गत शीतला माता मंदिर के आसपास से कई बोलेरो वाहन चोरी कर बिहार में बेचने की बात स्वीकार की है। यह भी बताया गया कि चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट, टेम्पर किए गए इंजन एवं चेसिस नंबर तथा फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र का प्रयोग करते थे।

एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपए का पुरस्कार भी देने की घोषणा की है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor